कैलाशद्वार में जमीन धंसने से झुकी बिजली लाइन, हादसे का खतरा

कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने डीएम से मुलाकात कर बिजली लाइन तत्काल शिफ्ट कराने की मांग की

भीमताल। धारी ब्लॉक के बबियाड़ ग्राम सभा के कैलाशद्वार क्षेत्र में जमीन धंसने के कारण बिजली की लाइन लगातार नीचे धंसती जा रही है। स्थिति यह है कि बिजली की लाइन अब जमीन से इतनी नीचे आ गई है कि उसे हाथ से छूने की बात सामने आ रही है। इससे क्षेत्र में बड़ी आबादी के लिए खतरा बना हुआ है।

भीमताल विधानसभा से कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने बताया कि कैलाशद्वार क्षेत्र से गुजरने वाली यह बिजली लाइन लंबे समय से जमीन धंसने के कारण नीचे आती जा रही है। इसी रास्ते से क्षेत्र के बच्चे स्कूल आते-जाते हैं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ ही मवेशियों की आवाजाही भी इसी पैदल रास्ते से होती है। ऐसे में नीचे झुकी बिजली लाइन से कभी भी गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

समस्या को लेकर मनोज शर्मा ने सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि क्षेत्रीय लोगों और विभागीय अधिकारियों को कई बार समस्या की जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक बिजली लाइन को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि बिजली लाइन की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और विभाग को किसी बड़ी घटना से पहले प्रभावी कदम उठाना चाहिए।

मनोज शर्मा ने बिजली विभाग से जुड़े ठेकेदार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जरूरत के समय ठेकेदार का कार्यव्यवहार संतोषजनक नहीं रहता है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए कैलाशद्वार क्षेत्र की बिजली लाइन को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने तथा संबंधित ठेकेदार की कार्यशैली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि यह मामला सीधे तौर पर ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा से जुड़ा है। इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और संबंधित विभाग को तत्काल मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *