चार करोड़ से सुधरेगा झांझर-अक्सौड़ा-मझेड़ा मार्ग

सांसद अजय भट्ट व मंत्री राम सिंह कैड़ा ने डामरीकरण कार्य का किया शुभारंभ

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के धारी ब्लॉक के पोखराड़ में झांझर-अक्सौड़ा से मझेड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ नैनीताल सांसद अजय भट्ट और शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत होने वाले इस कार्य के लिए करीब चार करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मंत्री राम सिंह कैड़ा की ओर से भेजे जा रहे प्रस्तावों को केंद्र सरकार से स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि झांझर-अक्सौड़ा से मझेड़ा मोटर मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था। बरसात के दौरान मार्ग पर कीचड़ होने से ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बाद करीब चार करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है और अब कार्य शुरू करा दिया गया है।

उन्होंने कहा कि डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य पूरा होने के बाद ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में सुविधा मिलेगी। मार्ग की स्थिति बेहतर होने से आवाजाही अधिक सुगम और सुरक्षित होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। मंत्री कैड़ा ने कार्य के लिए मुख्यमंत्री और सांसद अजय भट्ट का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री देवेंद्र ढेला, भावना मेहरा, शांति मेहरा, मंडल अध्यक्ष धारी कृष्ण चंद्र, ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, जिला मंत्री कुंदन सिंह चिलवाल, प्रकाश चंद्र नानू, हीरेश बिष्ट, विवेक डंगवाल, पवन डंगवाल सहित पार्टी पदाधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *