अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय को लेकर प्रधानमंत्री से सवाल, यूपीआई शुल्क को लेकर भी उठाए सवाल
भीमताल। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने भाजपा अध्यक्ष की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 और 18 सितंबर को दीप जलाने की अपील पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मीडिया को जारी बयान में इसे हास्यास्पद और भ्रमित करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अपील है कि जो नागरिक दीप जलाएं, वे अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय दिलाने की भावना भी मन में रखें।
मनोज शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री कई बार उत्तराखंड आ चुके हैं, लेकिन अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय को लेकर उन्होंने कुछ नहीं कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता अपने नेताओं को बचाने में लगे रहे। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय मिलने की भावना हर नागरिक के मन में होनी चाहिए। उनके अनुसार किसी भी तरह की अंधभक्ति देश और प्रदेश के लिए घातक हो सकती है।
यूपीआई शुल्क के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
मनोज शर्मा ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर केंद्र सरकार की ओर से दो हजार रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर शुल्क लगाने के निर्णय को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से यह तर्क दिया जा रहा है कि बढ़े हुए शुल्क का आम जनता पर कोई असर नहीं पड़ेगा, जबकि यह बात हास्यास्पद है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देश की जनता को बेवकूफ समझ रखा है। किसी भी प्रकार की महंगाई बढ़ने का सीधा असर आम जनता पर पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इस प्रकार के कथित पाखंड को देश और प्रदेश की जनता समझ चुकी है और अब वह ऐसे मुद्दों में नहीं फंसने वाली है।