जगतपुर गौलापार में किसानों से किया संवाद, फसल और समर्थन मूल्य की ली जानकारी
भीमताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल मंगलवार को जगतपुर गौलापार पहुंचे। यहां उन्होंने खेत में धान कटाई की शुरुआत कर किसानों का हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी फसल, उपज, समर्थन मूल्य और कृषि से जुड़ी समस्याओं की जानकारी भी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं। उनके अथक परिश्रम से ही प्रत्येक नागरिक के लिए अन्न की व्यवस्था सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शरद ऋतु के दौरान धान कटाई का कार्य तेजी से चल रहा है। खेतों में किसानों की मेहनत और खुशहाली देखकर उन्हें प्रसन्नता हुई। उन्होंने कामना की कि अन्नदाता किसान सदैव समृद्ध और खुशहाल रहें।
किसानों की समस्याओं के समाधान के निर्देश
धान कटाई के दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से उनकी उपज और कृषि कार्यों में आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें कृषि कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान नायब तहसीलदार कुंदन पुरी, कानूनगो रमेश चंद, सांख्यिकी निरीक्षक एमएस डांगी, राजस्व उपनिरीक्षक संजय तिवारी, नैंसी राणा, खेत स्वामी, ग्राम प्रधान और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।