भीमताल । देहरादून में आयोजित 35वीं राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता (क्योकुशिन काई कान कराटे फ़ाउंडेशन ऑफ इंडिया) में नैनीताल जिले के भीमताल व हल्द्वानी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट कौशल और अनुशासन के दम पर कई श्रेणियों में पदक जीतकर यह साबित किया कि निरंतर मेहनत से सफलता जरूर मिलती है।
महिला सीनियर वर्ग में अक्षिता पांडे ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि सीनियर पुरुष वर्ग में गौतम पांडे, आदित्य रावत और पार्थ रौतेला ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का मान बढ़ाया।
जूनियर वर्ग में भी खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। डिंपी तिवारी, सौम्या जोशी ने स्वर्ण पदक जीते। शिविका करायत और क्रियांश बुधलकोटी को रजत पदक मिला, जबकि हल्द्वानी के रमसा मुजाहिद और प्रतीक नेगी ने कास्य पदक हासिल किया। प्रियांशु ढोलगाईं ने स्वर्ण पदक, रोहित कार्की व हर्षिता पांडे ने रजत पदक प्राप्त किया। इसके साथ ही लकी नेगी को सोडान ब्लैक बेल्ट से सम्मानित किया गया, जो प्रतियोगिता का एक महत्वपूर्ण आकर्षण रहा। खिलाड़ियों की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले प्रशिक्षक हरीश चंद्र पांडे को ‘उत्कृष्ट प्रशिक्षक’ का खिताब दिया गया।
प्रतियोगिता में शानदार सफलता प्राप्त करने के बाद सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षक का भीमताल में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर लोकेश तिवारी, कल्पना करायत, सुनीता तिवारी, तनुजा बुधलकोटी, अनीता जोशी, ज्योतिष तिवारी, विनोद पुजारी, यश रौतेला सहित अनेक अभिभावक व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और अभिभावकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी बच्चे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक बिखेरेंगे।