कुष्ठ आश्रम में मनाया जन्मदिन, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने बांटी खुशियां

भीमताल । कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मा. मुख्यमंत्री दीपक रावत ने बुधवार को अपना जन्मदिन अनूठे अंदाज में मनाया। उन्होंने हल्द्वानी-बरेली रोड स्थित मोतीनगर हाथीखाल कुष्ठ आश्रम पहुंचकर वहां के निवासियों संग खुशियां साझा कीं। इस दौरान आयुक्त ने मिठाई बांटी, वस्त्र वितरित किए और बच्चों संग समय बिताया। आयुक्त रावत ने आश्रम में रह रही 23 महिलाओं, 9 पुरुषों और उनके बच्चों से संवाद किया। निवासियों ने भवनों की मरम्मत और आवश्यक सुविधाओं की मांग रखी। वहीं, एक व्यक्ति द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की मांग पर उन्होंने तत्काल सीएमओ को निर्देश दिए कि संबंधित व्यक्ति का कार्ड शीघ्र बनाया जाए। सीएमओ डॉ. हरीश पंत ने बताया कि आश्रम में रहने वाले सभी लोगों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। इस अवसर पर तहसीलदार मनीषा बिष्ट सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
आयुक्त रावत ने आश्वस्त किया कि आश्रमवासियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होने दी जाएगी। आश्रमवासियों ने भी आयुक्त को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके इस सामाजिक सरोकार की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *