महाशिवरात्रि मेले की तैयारियों को लेकर विधायक कैड़ा सख्त, 12 फरवरी तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने छोटे कैलाश मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 फरवरी को आयोजित होने वाले भव्य मेले की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छोटे कैलाश मंदिर में लगने वाला मेला क्षेत्र के लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है, जिसमें दूर-दराज से लाखों शिव भक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मेले की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक कैड़ा ने स्पष्ट किया कि मेले का संचालन जिला पंचायत द्वारा किया जाता है और यह धार्मिक आस्था का विषय है, जिस पर किसी प्रकार की राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चारों दिशाओं से आने वाले सभी मोटर मार्गों को समय रहते दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए।
साथ ही पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखने को कहा। विधायक ने बताया कि पिछली बार अमृतपुर से कैलाश द्वार तक भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी। इस बार यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अभी से ठोस योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
विधायक कैड़ा ने पैदल मार्गों पर उगी झाड़ियों की कटाई कराने, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से मेले को सफल बनाने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी संबंधित विभाग 12 फरवरी तक समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, जिससे महाशिवरात्रि के अवसर पर आने वाले शिव भक्तों को सुगम और सुरक्षित दर्शन का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *