भूस्खलन से क्षतिग्रस्त रीखाकोट–स्योंली मार्ग की मरम्मत की मांग, ग्रामीणों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
भीमताल । विकासखंड ओखलकांडा के ग्राम रीखाकोट (स्योंली) के ग्रामीणों ने भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर खंड विकास अधिकारी ओखलकांडा को ज्ञापन सौंपा है। ग्राम प्रधान कमल सिंह और क्षेत्र पंचायत सदस्य सीमा आर्य के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बताया कि रीखाकोट-स्योंली सड़क मार्ग पर लगभग पाँच जगहों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग टूट जाने से ग्रामीणों की आवाजाही बाधित हो गई है और क्षेत्र के किसानों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की स्थिति अत्यंत खराब है। पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है और बरसात के दिनों में मार्ग पर फिसलन के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि रीखाकोट-स्योंली सड़क मार्ग की तत्काल मरम्मत कर ग्रामीणों को राहत दी जाए। इस अवसर पर कमल सिंह (ग्राम प्रधान), सीमा आर्य (क्षेत्र पंचायत सदस्य), दुष्यंत शर्मा, गंगाराम, कृष्णा राम, राजेन्द्र कुमार, हेमंत बिष्ट, कृष्णा कुमारी, कमला बिष्ट, प्रमोद सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।