कढ़ाई व वस्त्र अलंकरण से स्वरोजगार की राह दिखा रहा नाबार्ड

प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, स्वयं सहायता समूहों की करीब 50 महिलाओं ने लिया भाग

भीमताल, 23 सितंबर। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के सहयोग से नैनीताल जिले में संचालित कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण आधारित आजीविका एवं उद्यम विकास कार्यक्रम का समापन समारोह मंगलवार को गोल्ज्यू बैंक्वेट हाल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का क्रियान्वयन महिला पिछड़ा वर्ग समिति, हल्द्वानी की ओर से किया गया। समारोह में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब 50 महिलाओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मुकेश बेलवाल के अलावा जिला उद्योग केंद्र, नैनीताल जिला सहकारी बैंक, सहकारिता विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

नाबार्ड की ओर से करीब 10 लाख रुपये की अनुदान सहायता से संचालित कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण के क्षेत्र में उन्नत प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ना है। कार्यक्रम के तहत करीब 90 स्वयं सहायता समूहों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को उत्पाद विकास, गुणवत्ता सुधार, उद्यम प्रबंधन, विपणन, वित्तीय साक्षरता और बैंक ऋण से संबंधित जानकारी भी दी गई।

समापन समारोह में प्रतिभागी महिलाओं ने प्रशिक्षण के दौरान मिले अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण से उन्हें कढ़ाई एवं वस्त्र अलंकरण की नई तकनीकों के साथ बाजार की मांग के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने की जानकारी मिली है। महिलाओं ने इस कौशल के माध्यम से आय सृजन और अपना उद्यम स्थापित करने की इच्छा भी जताई।

नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मुकेश बेलवाल ने प्रशिक्षण पूरा करने पर महिलाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की वास्तविक सफलता तभी है, जब अर्जित कौशल को नियमित आर्थिक गतिविधि में बदला जाए। उन्होंने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सामूहिक रूप से कार्य करने, उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता पर ध्यान देने तथा बाजार के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने नाबार्ड की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं, बैंक ऋण से जुड़ाव, सूक्ष्म उद्यम स्थापना और विपणन के अवसरों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नाबार्ड का प्रयास केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को कौशल से उद्यम और उद्यम से स्थायी आय की दिशा में आगे बढ़ाना है।

जिला उद्योग केंद्र, सहकारिता विभाग, नैनीताल जिला सहकारी बैंक और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने महिलाओं को विभिन्न योजनाओं, वित्तीय सहायता और उद्यम स्थापना से जुड़े अवसरों की जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागी महिलाओं ने नाबार्ड और क्रियान्वयन संस्था का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *