कालाढूंगी में छात्राओं को बताए करियर के विकल्प

कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम में 87 छात्राओं ने लिया भाग, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की दी जानकारी

भीमताल, 23 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय नैनीताल के तत्वावधान में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कालेज कालाढूंगी में एक दिवसीय कैरियर काउंसिलिंग एवं गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं की 87 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गड़िया ने छात्राओं को सेवायोजन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विदेश रोजगार प्रकोष्ठ, रोजगार प्रयाग पोर्टल और एनसीएस पोर्टल के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही इंटरमीडिएट के बाद छात्राओं के लिए उपलब्ध विभिन्न कैरियर विकल्पों को लेकर मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम में छात्राओं को क्लैट, नीट, जेईई, अग्निवीर, एनडीए, होटल मैनेजमेंट, पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा और सीयूईटी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और उनमें उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित की जाने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में भी छात्राओं को जागरूक किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या हीरा मर्तोलिया, आईटीआई फोरमैन गौरव तथा नगर सेवायोजन कार्यालय हल्द्वानी के अन्वेषक सह संगणक खजान पाठक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *