भीमताल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने भाजपा सरकार पर पूरे कार्यकाल में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और चुनाव नजदीक आते ही विकास कार्यों की झड़ी लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार के कथित विकास के दावों को समझ चुकी है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
मनोज शर्मा ने उत्तराखंड सरकार पर जनता को भ्रमित करने और लगातार ठगने का आरोप लगाते हुए कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में लूट और ठगी का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक और कैबिनेट मंत्री जनता के शोषण पर उतारू हैं। चुनाव नजदीक आते ही कैबिनेट मंत्री और भाजपा के अन्य नेता गांवों में पहुंचकर ढोल-नगाड़ों के साथ विकास की बातें कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नौसिखिये और अपरिपक्व पंचायत प्रतिनिधि भी निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए इस माहौल का हिस्सा बन रहे हैं। जनता समय आने पर ऐसे लोगों को भी जवाब देगी।
मनोज शर्मा ने कहा कि रोजाना आयोजित किए जा रहे बहुउद्देशीय शिविर और विद्यालयों के उच्चीकरण की घोषणाएं जनता के साथ बड़ा धोखा हैं। उन्होंने कहा कि करीब दस वर्ष पहले उच्चीकृत विद्यालयों में आज तक पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा सकी हैं। ऐसे में वर्तमान में किए जा रहे विद्यालयों के उच्चीकरण को उन्होंने चुनावी लाभ हासिल करने का प्रयास बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आज भी दर्जनों विद्यालयों में पेयजल और विद्युत संयोजन की सुविधा नहीं है। इसके बावजूद सरकार विद्यालयों के उच्चीकरण की घोषणाएं कर रही है।
मनोज शर्मा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता अब ऐसे कथित सरकारी पाखंड को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही भीमताल विधानसभा के युवाओं को साथ लेकर जिले के जिम्मेदार भाजपा नेताओं के आवासों का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार लोगों के लिए चेतावनी है।