जिलाधिकारी ने कौशल विकास एवं अप्रेंटिसशिप समिति की बैठक में दिए प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश
भीमताल। जिला कौशल विकास एवं अप्रेंटिसशिप समिति की समीक्षा बैठक शनिवार देर शाम कैंप कार्यालय में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न कौशल विकास एवं प्रशिक्षण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना समेत जनपद में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अप्रेंटिसशिप योजना से अधिक से अधिक प्रतिष्ठानों और उद्योगों को जोड़ा जाए। प्रशिक्षित युवाओं का डेटाबेस तैयार कर उन्हें रोजगार मेलों और प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समय पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
जापानी-जर्मन भाषा का प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जापानी और जर्मन भाषा के साथ व्यावसायिक कौशल का छह से आठ माह का प्रशिक्षण शुरू करने के निर्देश दिए गए। यह प्रशिक्षण जापान और जर्मनी में नर्सिंग असिस्टेंट और एल्डरली केयर गिवर के रोजगार के लिए दिया जाएगा। इसके लिए जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग और इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 21 से 35 वर्ष तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 18 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है।
बर्ड वॉचिंग गाइडों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
जिलाधिकारी ने कहा कि नैनीताल जिले में बर्ड वॉचिंग की अपार संभावनाएं हैं। पंगोट, कोसी बैराज और नौकुचियाताल में आने वाले हिमालयी एवं प्रवासी पक्षियों की जानकारी पर्यटकों को उपलब्ध कराने के लिए बर्ड वॉचिंग गाइडों का विशेष प्रशिक्षण कराया जाए। इससे पर्यटकों को पक्षियों के संबंध में वैज्ञानिक एवं प्रमाणिक जानकारी मिल सकेगी और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। इसलिए स्थानीय उद्योगों और बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण ट्रेडों का चयन किया जाए, ताकि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गढ़िया, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य, आईटीआई प्रधानाचार्य नितिन शर्मा, लीड बैंक अधिकारी अमित बाजपेई, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार, सचिव हिमालयन चेंबर ऑफ कॉमर्स मलय त्रिपाठी, एमबीपीजी कॉलेज के डॉ. संजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।