नंदाष्टमी महोत्सव में विधिक जागरूकता से लेकर निश्शुल्क चिकित्सा शिविर तक

विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टाल पर निश्शुल्क कानूनी सलाह, स्वास्थ्य जांच और कौशल प्रशिक्षण का लाभ उठा रहे लोग

भीमताल। श्री नंदाष्टमी महोत्सव के अवसर पर उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल की ओर से जनहित में विधिक जागरूकता अभियान, कौशल प्रशिक्षण और निश्शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 16 से 23 सितंबर तक चलने वाले महोत्सव में लगाए गए स्टाल के माध्यम से आमजन को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ निश्शुल्क कानूनी परामर्श, स्वास्थ्य सेवाएं और रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।

महोत्सव की पूरी अवधि के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के सहयोग से पैनल अधिवक्ताओं और पैरा-लीगल वालंटियर्स की टीम तैनात की गई है। टीम द्वारा पारिवारिक विवाद, संपत्ति विवाद, घरेलू हिंसा, बैंकिंग धोखाधड़ी, साइबर अपराध, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के अधिकारों सहित विभिन्न कानूनी विषयों पर निश्शुल्क सलाह दी जा रही है। विधिक साक्षरता स्टाल के माध्यम से सरल कानूनी पुस्तिकाएं भी वितरित की जा रही हैं। साथ ही टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 और 1800-180-4000 की जानकारी भी दी जा रही है।

महिलाओं और युवाओं को दिया सिलाई प्रशिक्षण

प्राधिकरण की ओर से जिला उद्योग केंद्र, नैनीताल के सहयोग से 17 और 18 सितंबर को दो दिवसीय निश्शुल्क सिलाई प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय महिलाओं, युवाओं और स्वरोजगार में रुचि रखने वाले लोगों को सिलाई की बुनियादी तकनीक के साथ कपड़े की कटाई और सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया।

महोत्सव में स्वास्थ्य जांच की भी सुविधा

जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के सहयोग से निश्शुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। 18 सितंबर को दृष्टि सेंटर, हल्द्वानी की टीम ने लोगों की नेत्र जांच की। शुभानु नेत्र अस्पताल, हल्द्वानी की टीम 19 और 20 सितंबर को नेत्र विशेषज्ञ जांच एवं स्क्रीनिंग करेगी।

चंदन अस्पताल, हल्द्वानी की टीम 19 सितंबर को सामान्य चिकित्सा और रक्तचाप की जांच करेगी। वहीं द मेडिसिटी, रुद्रपुर की टीम 20 से 22 सितंबर तक बहु-विशेषज्ञता चिकित्सा शिविर लगाएगी। इसमें सामान्य चिकित्सा सहित अन्य विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। उपलब्धता के अनुसार आवश्यक दवाएं भी निश्शुल्क उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन के साथ ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से नंदाष्टमी महोत्सव में पहुंचे श्रद्धालुओं से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। प्राधिकरण ने कहा कि सभी सेवाएं निश्शुल्क हैं और इनके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *