एचपीवी टीकाकरण में बेतालघाट ब्लॉक ने हासिल किया शत-प्रतिशत लक्ष्य

296 पात्र किशोरियों का हुआ टीकाकरण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य टीम को दी बधाई

भीमताल। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान में बेतालघाट विकासखंड ने निर्धारित लक्ष्य का शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा कर लिया है। विकासखंड में चिन्हित सभी 296 पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण किया जा चुका है।

बेतालघाट ब्लॉक की इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय स्तर पर किए गए समन्वित प्रयासों का परिणाम है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण किशोरियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जनपद के अन्य विकासखंडों से भी निर्धारित पात्र लाभार्थियों का प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण कराने और जल्द शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की अपील की।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पात्र लाभार्थियों की पहचान, अभिभावकों की काउंसलिंग तथा टीकाकरण की प्रक्रिया में लगातार तेजी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र लाभार्थी टीकाकरण से वंचित न रहे।

बेतालघाट विकासखंड की शत-प्रतिशत उपलब्धि की सराहना करते हुए डॉ. रश्मि पंत ने इसे जनपद के अन्य विकासखंडों के लिए भी प्रेरणादायी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *