17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, विभिन्न स्थानों पर हुए सेवा कार्य
भीमताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग स्थित शहीद पार्क में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए आशीर्वाद के दीये जलाए गए। हल्द्वानी शहर में विभिन्न स्थानों पर भी कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने दीप प्रज्वलित किए।
नगर निगम, जिलाधिकारी कैंप कार्यालय, विभिन्न पार्कों और प्रमुख चौराहों पर दीप जलाए गए। इनमें कालाढूंगी चौराहा, तिकोनिया चौराहा, को-ऑपरेटिव बैंक चौराहा, पीलीकोठी चौराहा, मुखानी चौराहा और कठघरिया चौराहा प्रमुख रहे। कार्यक्रम के दौरान शहर में रक्तदान शिविरों के साथ ही स्वच्छता अभियान समेत विभिन्न सेवा कार्य भी संचालित किए गए।
17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के प्रत्येक विकासखंड में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में महापौर गजराज बिष्ट, सचिव प्राधिकरण मनीष कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर टोलिया, सीएमएमआईपी पंत, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, सफाई निरीक्षक कार्तिक, शुभम और दीपक समेत गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।