एडीएम विवेक राय ने अधिशासी अभियंता को आपदा मद में आकलन तैयार कर भेजने के दिए निर्देश, बोले- सड़क बनवाने की जिम्मेदारी मेरी
धारी ब्लॉक के दर्जनों गांवों के ग्रामीण परेशान, सड़क धंसने से घरों और खेतों पर मंडराया खतरा
भीमताल। धारी ब्लॉक की बबियाड़ ग्रामसभा में गैराखान-टपुवा-दुदुली मोटर मार्ग की बदहाली को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने सोमवार को अपर जिलाधिकारी विवेक राय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सड़क की बदहाल स्थिति से क्षेत्रीय जनता को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर वह पूर्व घोषित धरना-प्रदर्शन और आत्मदाह के निर्णय पर आगे बढ़ेंगे।
मनोज शर्मा ने कहा कि मोटर मार्ग वर्षों से बदहाल है। ग्रामीण कई बार धरना-प्रदर्शन और अन्य माध्यमों से सरकार, जनप्रतिनिधियों तथा विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सड़क के शुरुआती हिस्से में भारी धंसाव होने से स्थिति बेहद खतरनाक हो गई है। इससे कई ग्रामीणों के घर और खेत खतरे की जद में हैं। मार्ग से जुड़े दर्जनों गांवों की हजारों की आबादी लंबे समय से परेशानी झेलने को मजबूर है।
उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति से दुग्ध उत्पादकों और किसानों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दूध की गाड़ियां और मंडी तक सामान पहुंचाने वाले वाहन मार्ग पर नहीं चढ़ पा रहे हैं। गैस की गाड़ियों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। आए दिन वाहन फंसने के साथ ही दोपहिया वाहन चालक भी दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की ओर से समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
एडीएम ने अधिशासी अभियंता को दिए निर्देश
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने तत्काल अधिशासी अभियंता, भवाली से फोन पर मोटर मार्ग की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान अधिशासी अभियंता ने भी सड़क की स्थिति खराब होने और उसके जीर्णोद्धार की आवश्यकता स्वीकार की। इस पर एडीएम ने अधिशासी अभियंता को आपदा मद के तहत आकलन तैयार कर तत्काल भेजने के निर्देश दिए।
मनोज शर्मा ने कहा कि सड़क की बदहाली दूर करने के लिए अब और इंतजार नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि धरना-प्रदर्शन और आत्मदाह को लेकर उनका निर्णय अडिग है। वहीं, अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि सड़क का निर्माण करवाने की जिम्मेदारी अब उनकी है।
इस दौरान मनोज शर्मा, हिमांशु साहू, हरीश सिनोली और क्षेत्र पंचायत सदस्य बबियाड़ के प्रतिनिधि हरीश चंद्र आर्या सहित अन्य लोग मौजूद रहे।