कैड़ा ने किया रामगढ़-कैंचीधाम मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य का निरीक्षण

5.28 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा सड़क का सुधारीकरण, गुणवत्ता के साथ जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश

भीमताल। रामगढ़ ब्लॉक में तल्ला रामगढ़ से झुतिया, हली होते हुए कैंचीधाम तक मोटर मार्ग पर चल रहे डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

मोटर मार्ग खराब होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा से मार्ग पर डामरीकरण कराने की मांग की थी। जनता की समस्या को देखते हुए मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री से सड़क पर डामरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।

मंत्री के प्रयासों से शासन ने मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य के लिए 5 करोड़ 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की। इसके बाद मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू किया गया है। निरीक्षण के दौरान कैड़ा ने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण पर जोर

कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। इन समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *