स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े के छठे दिन वार्ड 50 में चला जागरूकता अभियान, चार प्रकार के कचरे के पृथक्करण की दी जानकारी
भीमताल, 23 सितंबर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रहे स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के छठे दिन नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से वार्ड संख्या 50 में विशेष स्रोत पर कचरा पृथक्करण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान मुकानी क्षेत्र की मित्रापुरम कॉलोनी और दयाल विहार कॉलोनी में करीब 70 घरों में डोर-टू-डोर संपर्क किया गया।
अभियान के दौरान बैंणी सेना और संबंधित टीम ने लोगों को घर से ही कचरे को अलग-अलग रखने के फायदे बताए। नागरिकों को स्वच्छता व्यवस्था के तहत गीला, सूखा, सैनिटरी एवं डायपर तथा विशेष देखभाल योग्य अथवा हानिकारक कचरे को अलग रखने की जानकारी दी गई।
टीम ने बताया कि रसोई से निकलने वाला भोजन, फल-सब्जियों के छिलके और फूल-पत्तियां गीले कचरे में आते हैं। इन्हें अलग रखकर जैविक खाद तैयार की जा सकती है। वहीं प्लास्टिक, बोतल, कागज, गत्ता, पुराने कपड़े, रबर, कांच और धातु आदि सूखे कचरे को अलग रखने से इन्हें पुनर्चक्रण के लिए भेजा जा सकता है।
सैनिटरी नैपकिन, डायपर, इनकॉन्टिनेंस पैड, बैंडेज और शरीर के संपर्क में आई रुई को अन्य कचरे से अलग रखने तथा अखबार या सुरक्षित लिफाफे में लपेटकर कचरा संग्रहण वाहन को देने की जानकारी दी गई। एक्सपायरी दवाइयां, सीएफएल, ट्यूबलाइट, बैटरियां, पेंट के डिब्बे, रसायनों की बोतलें और इलेक्ट्रॉनिक कचरे को भी सामान्य कचरे से अलग रखने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि कचरा संग्रहण वाहन के पहुंचने पर चारों प्रकार के कचरे को मिलाकर न दें, बल्कि स्रोत पर ही पृथक्करण कर अलग-अलग कचरा सौंपें। टीम ने सैनिटरी और हानिकारक कचरे की सुरक्षित पैकिंग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया।
इस दौरान वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीएस टोलिया, बैंणी सेना परियोजना प्रबंधक मनोज नेगी, एसबीएम टीम से मनीष पांडे, पीएमयू टीम से पंकज द्विवेदी और वार्ड 50 की बैंणी सेना टीम मौजूद रही।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि स्रोत पर कचरे का सही पृथक्करण करने से शहर को स्वच्छ रखने के साथ ही पुनर्चक्रण की प्रक्रिया आसान होती है। जैविक कचरे से खाद तैयार की जा सकती है और हानिकारक कचरे से होने वाले स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए नगर निगम के साथ प्रत्येक घर की भागीदारी जरूरी है।
जनपद के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।