सोलर लाइट वितरण में पक्षपात का आरोप, प्रत्येक पात्र तक लाभ पहुंचाने की मांग

भीमताल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित सोलर लाइट वितरण को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आचार संहिता से पहले इसे राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोलर लाइट का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए।

शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में सोलर लाइटें लाई गई हैं, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि उनका वितरण निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से हो। उन्होंने आरोप लगाया कि वितरण को लेकर भाजपा समर्थक और गैर-भाजपा समर्थक परिवारों के आधार पर चर्चा की जा रही है। यदि ऐसा हुआ तो यह पात्र लोगों के साथ अन्याय होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार को सोलर लाइट की खरीद, उसकी लागत और बिलिंग संबंधी सभी जानकारियां सार्वजनिक करनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता या पक्षपात सामने आया तो कांग्रेस इसका विरोध करेगी।

मनोज शर्मा ने कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा से मांग की कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक पात्र परिवार को सोलर लाइट उपलब्ध कराई जाए और वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पात्र लोगों को वंचित किया गया तो कांग्रेस इस मामले को न्यायालय तक ले जाएगी।

उन्होंने कहा कि सत्ता का उद्देश्य सभी लोगों तक समान रूप से योजनाओं का लाभ पहुंचाना होना चाहिए, न कि चुनावी लाभ के लिए योजनाओं का उपयोग करना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *