दबाव में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के आरोप निराधार, कुछ कांग्रेसी कर रहे फालतू की राजनीति : विधायक कैड़ा

भीमताल। विधायक राम सिंह कैड़ा ने ओखलकांडा ब्लॉक में आयोजित दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविर को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के दिव्यांगजनों को हल्द्वानी या नैनीताल जाकर प्रमाण पत्र बनवाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गरीब परिवारों की समस्याओं को देखते हुए 23 फरवरी को विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की व्यवस्था की गई।
विधायक ने बताया कि शिविर में दूर-दराज से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे। कई लोगों के प्रमाण पत्र मौके पर ही बनाए गए, जबकि कुछ मामलों में चिकित्सकों ने विस्तृत जांच के लिए हल्द्वानी आने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कुछ दिव्यांगजन उनके पास पहुंचे और अपनी आर्थिक व दूरी संबंधी समस्याएं बताईं। इस पर उन्होंने चिकित्सकों से अनुरोध किया कि पात्र लाभार्थियों के हित में यथासंभव सहयोग किया जाए।
विधायक कैड़ा ने स्पष्ट किया कि प्रमाण पत्र किसी भी प्रकार के दबाव में नहीं बनाए गए हैं। कुछ कांग्रेसी नेताओं द्वारा इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया जा रहा है, जो पूरी तरह निराधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग भीमताल विधानसभा क्षेत्र में जारी प्रमाण पत्रों को निरस्त करने की बात कर भ्रामक बयानबाजी कर रहे हैं।
विधायक ने कहा कि वह जनता की भावनाओं के अनुरूप गरीबों के हित में लगातार कार्य कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि किसी के पास शिविर से संबंधित कोई आपत्तिजनक वीडियो है तो उसे सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने दोहराया कि उनका उद्देश्य केवल जनहित में कार्य करना है, न कि राजनीतिक लाभ लेना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *