बदहाल सड़कों और 15 सूत्रीय मांगों को लेकर मनोज शर्मा का धरना दूसरे दिन भी जारी

बबियाड़-टपूवा-दुदुली और गैरा खान-कैलाश द्वार मोटर मार्ग की बदहाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, बड़ी संख्या में लोग धरने में पहुंचे

भीमताल। धारी ब्लॉक के बबियाड़-टपूवा-दुदुली मोटर मार्ग और गैरा खान-कैलाश द्वार मोटर मार्ग की बदहाली समेत 15 सूत्रीय मांगों को लेकर कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में शुरू हुआ अनिश्चितकालीन क्रमिक धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने कहा कि उनके गृह क्षेत्र की पिछले 10 वर्षों से लगातार उपेक्षा की जा रही है। क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य समेत बुनियादी सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की अनदेखी के चलते पूरा व्यवस्था तंत्र चरमरा गया है। सड़कें बदहाल हैं और स्वास्थ्य सुविधाएं भी दम तोड़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बदहाल व्यवस्था को दुरुस्त कराने और जनता की जायज मांगों को पूरा कराने के लिए अब आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी गई है। जब तक सभी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र रूप लेगा।

धरना-प्रदर्शन में पूर्व ग्राम प्रधान बबियाड़ युगल किशोर पलड़िया, वर्तमान ग्राम प्रधान बबियाड़ प्रकाश चंद्र आर्या, शेर सिंह मेहता, सूरज आर्या, माही आर्या, जीवन सुयाल, जय दत्त पलड़िया, नीरज बेलवाल, राजू सम्मल, सुभाष चंद्र, मनोज कुमार, जीवन सिंह बिष्ट, शिवराम, कैलाश पोखरिया, गोपाल सिंह, कमल कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *