गांव-गांव पहुंचकर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : राम सिंह कैड़ा

भीमताल। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं।

मंत्री कैड़ा ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों को राहत पहुंचाई जाए।

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव का समग्र विकास और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित और विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
सरकार की प्राथमिकता है कि गांव के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *