संदेह के आधार पर पेठा, बेसन के लड्डू और सोन पापड़ी समेत छह खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
भीमताल। दीपावली पर्व के मद्देनजर मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने और आम जनता को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को भीमताल क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने नौ प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की।
कार्रवाई के दौरान संदेह के आधार पर विभिन्न खाद्य पदार्थों के छह नमूने संग्रहित किए गए। इनमें पेठा, बेसन के लड्डू, सोन पापड़ी और बेसन के चार विधिक नमूने शामिल हैं। वहीं बूंदी के लड्डू और बताशे के दो सर्वे नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय टीम ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और किसी भी प्रकार की मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान मिलावटखोरी रोकने के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।