एचजीएस भीमताल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां

सम्राट अशोक के जीवन चरित्र का किया मंचन, कुलपति डॉ. सतपाल सिंह बिष्ट ने विद्यार्थियों को रुचि के अनुसार विषय चुनने की दी सलाह

भीमताल। एचजीएस भीमताल में वार्षिकोत्सव प्रस्तुति-2026 धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक, रंगारंग और आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के कुलपति डॉ. सतपाल सिंह बिष्ट, विशिष्ट अतिथि एवं विद्यालय के पूर्व छात्र कर्नल डॉ. कमलेश बिष्ट तथा प्रधानाचार्या महिमा भट्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कुमाऊंनी छोलिया नृत्य के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। वहीं एनसीसी के विद्यार्थियों ने सलामी देकर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम की शुरुआत शिव स्तुति से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने सम्राट अशोक के जीवन चरित्र पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी। मंचन के माध्यम से संदेश दिया गया कि सच्ची महानता युद्ध जीतने में नहीं, बल्कि लोगों का दिल जीतने में है।

मुख्य अतिथि डॉ. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि एचजीएस भीमताल शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहा है। विद्यालय का गौरवशाली इतिहास रहा है और वह शिक्षा के साथ ही सांस्कृतिक विरासत को सहेजने एवं आगे बढ़ाने का कार्य भी कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों के भविष्य और विषय चयन पर महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि अभिभावकों को बच्चों पर अपनी पसंद के विषय थोपने के बजाय उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार विषय चुनने की स्वतंत्रता देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ खेलकूद, रंगमंच, नृत्य, संगीत, विज्ञान और कला के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय संस्कारवान और मूल्यपरक शिक्षा देकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

विशिष्ट अतिथि कर्नल डॉ. कमलेश बिष्ट ने कहा कि शिक्षा ही समृद्ध और प्रगतिशील समाज एवं राष्ट्र के निर्माण का आधार है। शिक्षा के माध्यम से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है। इस दौरान विद्यार्थियों ने वीर शहीदों के बलिदान को समर्पित गीत प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों और शानदार प्रस्तुतियों के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इससे पूर्व प्रधानाचार्या महिमा भट्ट ने विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने वर्षभर की शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। विद्यालय की ओर से सभी अतिथियों को शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एचजी डिग्री कॉलेज भीमताल की प्राचार्या डॉ. मुक्ता, नगर पालिका परिषद सदस्य श्रुति जोशी, अभिभावक संघ अध्यक्ष प्रवीण पटवाल, रामपाल सिंह गगोला, सभासद आशीष सिंह, एसओएस बालग्राम भीमताल के एवीडी डॉ. श्वेता भोसले, माइंड पावर यूनिवर्सिटी भीमताल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख आशा रानी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, गणमान्य नागरिक, अभिभावक और शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। हेडमिस्ट्रेस अनुसूया साह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *