ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए हल्द्वानी नगर निगम को सौंपी गई जिम्मेदारी
भीमताल : गंगा और उसकी सहायक नदियों को प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से जिला गंगा समिति की बैठक मंगलवार को अपर जिलाधिकारी विवेक राय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जनपद स्तर पर विभिन्न विभागों के समन्वय से जल संरक्षण व स्वच्छता को लेकर प्रभावी कार्य योजना तैयार करने पर बल दिया गया। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस दिशा में हल्द्वानी नगर निगम को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है। नगर निगम के माध्यम से भवाली, भीमताल, नैनीताल और लालकुआं क्षेत्रों का ठोस कूड़ा हल्द्वानी लाकर निस्तारित किया जा रहा है।उल्लेखनीय है कि नगर निगम हल्द्वानी के पास पूर्व में करीब 1.39 लाख मीट्रिक टन कूड़ा एकत्र था, जिसमें से अब तक 28,000 मीट्रिक टन का निस्तारण किया जा चुका है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 1,000 मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि निकट भविष्य में संपूर्ण कूड़े का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि एक नवीन प्लांट की स्थापना की योजना भी प्रस्तावित है, जिसके माध्यम से ठोस अपशिष्ट से चारकोल तैयार किया जाएगा। यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बैठक में नगर आयुक्त ऋचा सिंह सहित पर्यटन विभाग, जल संस्थान, पेयजल निगम, वन विभाग, विभिन्न नगरपालिकाओं के प्रतिनिधि एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनपद स्तरीय समितियों के सदस्य मौजूद रहे।