महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर, प्रशिक्षण योजनाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश

भीमताल, 24 अप्रैल। मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल ने शुक्रवार को एनआरएलएम के तहत कार्यरत आईपीआरपी के साथ बैठक कर स्वयं सहायता समूह (SHG) एवं क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) की गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग, बागवानी एवं हाउसकीपिंग जैसे रोजगारपरक कार्यों से जोड़ने के लिए व्यवस्थित प्रशिक्षण कराया जाए। इसके लिए सभी विकासखंडों को आरसेटी तथा बागजाला ईटीसी के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करने हेतु पात्र महिलाओं की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीएलएफ कार्यालयों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिन स्थानों पर कार्यालय उपयुक्त नहीं पाए गए, वहां नए स्थानों का चयन कर सूची खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से जल्द प्रेषित करने को कहा गया।
इस दौरान जिला विकास अधिकारी, सहायक परियोजना निदेशक, डीटीई एनआरएलएम, डीपीएम ग्रामोथान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *