भीमताल , 23 अगस्त। अमर शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी दीवान सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि पर रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज डौनपरेवा में श्रद्धांजलि सभा और बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री दिनेश आर्य, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीदों को नमन किया गया तथा स्वतंत्रता सेनानी परिवार के आश्रितों को सम्मानित किया गया।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि 23 अगस्त का दिन इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा गया है। उन्होंने कहा कि 23 अगस्त 1945 को देश की आजादी के लिए दीवान सिंह बिष्ट ने अंग्रेजों के अत्याचारों के खिलाफ अपना बलिदान दिया था। उस दौर में भारत माता की जय बोलने पर जेल और कोड़े जैसी यातनाएं दी जाती थीं। ऐसी विषम परिस्थितियों में भी शहीद दीवान सिंह बिष्ट ने हिम्मत नहीं खोई। ऐसे वीर शहीद देश के आइकॉन और प्रेरणास्रोत हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।
सड़क की बदहाली पर सांसद ने जताई नाराजगी
विद्यालय परिसर में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में राजस्व, पंचायतीराज, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, पूर्ति और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर में क्षेत्रवासियों ने रामनगर से डौनपरेवा होते हुए बेतालघाट तक सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया। इस पर सांसद अजय भट्ट ने नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से जानकारी ली। लोनिवि रामनगर के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सड़क के सुधारीकरण के लिए 95 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया है।
सांसद ने निर्देश दिए कि धनराशि स्वीकृत होने तक विभागीय बजट से सड़क को गड्ढामुक्त करने और आवश्यक सुधारीकरण का कार्य कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर काम शुरू करने के निर्देश दिए।
पेंशन और बिजली बिल की समस्याएं भी उठीं
शिविर में ग्रामीणों ने पेंशन खातों में राशि नहीं आने की शिकायत की। बताया गया कि आधार बैंक खाते से लिंक न होने के कारण पेंशन की समस्या आ रही है। सांसद ने समाज कल्याण, कृषि एवं संबंधित विभागों को कैंप लगाकर समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।
क्षेत्रवासियों ने अधिक विद्युत बिल आने की शिकायत भी रखी। इस पर विद्युत विभाग को जांच कर तत्काल समस्या का समाधान करने को कहा गया। वहीं सेठी बेलगांव में कोसी नदी से हो रहे भू-कटाव की समस्या भी उठाई गई, जिस पर सिंचाई विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
लिंक मार्गों की मरम्मत के निर्देश
शिविर में विभिन्न गांवों की लिंक सड़कों तथा बारिश से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की मरम्मत की मांग भी रखी गई। सांसद ने संबंधित विभागों को क्षतिग्रस्त मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने राजकीय इंटर कॉलेज डौनपरेवा में कंप्यूटर की सुविधा के लिए सांसद निधि से दो लाख रुपये देने की घोषणा की। विधायक सरिता आर्या ने भी विधायक निधि से दो लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हेम चंद्र नैनीवाल, ग्राम प्रधान डौनपरेवा दयाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, उप जिलाधिकारी नैनीताल नवाजिश खलीक, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे।