काशीपुर में गलत खाते की जमीन बेचने पर भू-स्वामी को चेतावनी, 51 लोगों से जमीन के नाम पर रकम लेने के मामले में एफआईआर के निर्देश
भीमताल। आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, एमएसएमई के तहत सब्सिडी नहीं मिलने, बकाया भुगतान, पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी और प्लॉट पर कब्जा दिलाने सहित विभिन्न शिकायतें सामने आईं। आयुक्त ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि गंभीर मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त ने भूमि विवाद से जुड़ी छोटी-छोटी शिकायतों के उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर नाराजगी जताई। उन्होंने मंडल के सभी उपजिलाधिकारियों और तहसील स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद से संबंधित सामान्य समस्याओं का समाधान तहसील स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को छोटी समस्याओं के लिए उच्च अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।
प्रयोरी लॉज मामले में एफआईआर की चेतावनी
नैनीताल शहर के अयारपाटा क्षेत्र स्थित प्रयोरी लॉज प्रकरण में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (ईओ) द्वारा विभागीय आख्या और मूल नक्शा देखे बिना नक्शा सत्यापित किए जाने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। वर्तमान अधिशासी अधिकारी ने बताया कि प्रकरण से संबंधित मूल अभिलेख कार्यालय में उपलब्ध नहीं हैं। आयुक्त ने कहा कि जांच में लापरवाही और अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही शासन को भी कार्रवाई के लिए अवगत कराया जाएगा।
प्रयोरी लॉज मामले में एफआईआर की चेतावनी
नैनीताल शहर के अयारपाटा क्षेत्र स्थित प्रयोरी लॉज प्रकरण में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (ईओ) द्वारा विभागीय आख्या और मूल नक्शा देखे बिना नक्शा सत्यापित किए जाने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। वर्तमान अधिशासी अधिकारी ने बताया कि प्रकरण से संबंधित मूल अभिलेख कार्यालय में उपलब्ध नहीं हैं। आयुक्त ने कहा कि जांच में लापरवाही और अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही शासन को भी कार्रवाई के लिए अवगत कराया जाएगा।
एक सप्ताह में नौ लाख रुपये लौटाने के निर्देश
काशीपुर निवासी बृजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने शमशेर सिंह से नौ लाख रुपये में प्लॉट खरीदा था। इसकी रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज भी हो चुकी थी, लेकिन बाद में पता चला कि भू-स्वामी ने जिस खाते की भूमि बेची थी, उसमें जमीन शेष ही नहीं थी। इस पर आयुक्त ने भू-स्वामी को एक सप्ताह के भीतर अन्यत्र भूमि उपलब्ध कराने अथवा नौ लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित लेखपाल के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
51 लोगों से जमीन के नाम पर रकम लेने के मामले में एफआईआर के निर्देश
किच्छा निवासी इफ्तिकार अहमद ने शिकायत की कि उन्होंने जोगा सिंह से प्लॉट खरीदने के लिए धनराशि दी थी, लेकिन उन्हें जमीन नहीं मिली। जांच में सामने आया कि संबंधित व्यक्ति ने करीब 51 लोगों से जमीन के नाम पर रकम ली, लेकिन उन्हें भूमि उपलब्ध नहीं कराई। आयुक्त ने तहसीलदार किच्छा को मामले की जांच के निर्देश दिए। तथ्यों की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ लैंड फ्रॉड एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने को कहा।
अन्य शिकायतों पर भी दिए कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई में दीपक वर्मा ने भूमि पर कब्जा दिलाने, धन सिंह गड़िया ने भूमि नहीं मिलने पर धनराशि वापस कराने, राजकुमारी ने चोरी के जेवरात और नकदी वापस दिलाने, बॉबी राज ने वाहन का ट्रांसफर नहीं कराने, मतेश सिंह ने सड़क निर्माण की बकाया धनराशि नहीं मिलने तथा जवाहर नगर निवासी शहाना ने पैतृक संपत्ति में हिस्सा दिलाने की शिकायत रखी।
आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। वहीं, जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव नहीं था, उनमें संबंधित पक्षों को आवश्यक अभिलेखों के साथ कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए।