भीमताल। नगर निगम हल्द्वानी की नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने शनिवार को शहर के सभी 60 वार्डों में संचालित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और खराब वाहनों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने ट्रांसपोर्ट नगर, भोलानाथ गार्डन सहित विभिन्न पार्किंग स्थलों पर पहुंचकर वाहनों की भौतिक एवं तकनीकी स्थिति की जांच की। उन्होंने वाहनों की नंबर प्लेट, बॉडी, टायर, ब्रेक, हॉर्न और अन्य जरूरी उपकरणों का निरीक्षण किया। साथ ही वाहनों की नंबर प्लेट एवं वाहन संख्या स्पष्ट रूप से अंकित रखने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने संबंधित वाहन चालकों, सुपरवाइजरों और नोडल अधिकारियों से बातचीत कर कूड़ा संग्रहण कार्य में आ रही व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिन वाहनों में मरम्मत या सुधार की आवश्यकता है, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि सभी वार्डों में नियमित रूप से कूड़ा उठान सुनिश्चित हो सके।
आशिमा गोयल ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की महत्वपूर्ण भूमिका है। घरों से नियमित कूड़ा एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण करना नगर निगम की प्राथमिकता है।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि घरों में गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग एकत्रित करें और कूड़ा संग्रहण वाहनों में भी उसे पृथक-पृथक ही दें, ताकि कूड़े का उचित निस्तारण किया जा सके और शहर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाया जा सके।