खिलाड़ी देंगे देवभूमि को ग्लोबल पहचान: रेखा आर्या

भीमताल में बैडमिंटन हॉल व मल्टीपरपज हॉल का लोकार्पण, खेल संस्कृति को मिलेगी नई दिशा

भीमताल : गुरुवार को उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने भीमताल में नवनिर्मित बैडमिंटन हॉल और मल्टीपरपज हॉल का लोकार्पण किया। लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से बने इन आधुनिक हॉलों का निर्माण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत किया गया है। इस अवसर पर मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि को खेल भूमि के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के निर्माण से अब यहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बैडमिंटन खिलाड़ी निकलने का मार्ग खुलेगा। रेखा आर्या ने बताया कि अब तक प्रदेश में 1300 करोड़ रुपये से अधिक की खेल अवस्थापना परिसंपत्तियां तैयार की जा चुकी हैं। विभिन्न जिलों में स्टेडियम, मिनी स्टेडियम और मल्टीपरपज हॉलों का निर्माण तेजी से जारी है।
मंत्री ने कहा, “उत्तराखंड में अब खेल संस्कृति विकसित हो चुकी है। वह दिन दूर नहीं जब यहां के खिलाड़ी देवभूमि को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाएंगे।” उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया जाएगा। लोकार्पण कार्यक्रम में सीडीओ नैनीताल अनामिका, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रतीक जोशी, जिला खेल अधिकारी निर्मला पंत सहित भीमताल मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, डीके शर्मा, गोपाल कृष्ण भट्ट, कमलेश रावत, कमला आर्या, पंकज जोशी, प्रकाश कनौजिया, कुलदीप, जया बोहरा, श्रीमती अनीता और मीनाक्षी आर्या उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *