पर्वतीय राज्य में विषम परिस्थितियों में भी पत्रकार निभा रहे अहम भूमिका: राज्यपाल
भीमताल : हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने प्रदेश एवं देशभर के सभी मीडिया प्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने स्वतंत्रता संग्राम के समय चेतना फैलाने में अहम भूमिका निभाई और आज भी लोकतंत्र को मजबूत बनाने में एक सजग प्रहरी की तरह कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में पत्रकारिता का क्षेत्र और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है, फिर भी पत्रकार अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से कर रहे हैं। विशेष रूप से उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में जहां पत्रकारों को अनेक विषम परिस्थितियों में काम करना पड़ता है, उनका समर्पण और सेवा भाव प्रशंसनीय है। राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि हिंदी पत्रकारिता आने वाले समय में भी समाज में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बनेगी और युवाओं को संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती रहेगी।