हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में वार्ड-वार जन सुविधा शिविर, अधिकांश समस्याओं का हुआ मौके पर समाधान

भीमताल । जिलाधिकारी वंदना के निर्देशन में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से वार्ड-वार जन सुविधा शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को वार्ड संख्या 05 और 06 में शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में नागरिकों ने मुख्यतः आपूर्ति व्यवस्था, राशन कार्ड में नाम जोड़ने/हटाने तथा नए राशन कार्ड जारी करने जैसी समस्याएँ रखीं। अधिकारियों ने अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। शिविर के दौरान आधार सेवा से जुड़े कुल 48 कार्ड बनाए और संशोधित किए गए। पूर्ति विभाग को 09 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें नए राशन कार्ड और नाम जोड़ने/हटाने से जुड़े प्रकरण थे। इसके अलावा 10 UCC आवेदन और नगर निगम से संबंधित 05 शिकायतें, जिनमें मुख्य रूप से स्ट्रीट लाइट की खराबी का मामला था, मौके पर ही निस्तारित की गईं। शिविर में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सहायक नगर आयुक्त जी.के. भट्ट, विभागीय अधिकारी-कर्मी, वार्ड 05 की पार्षद नेहा अधिकारी और वार्ड 06 के पार्षद पंकज त्रिपाठी मौजूद रहे। पार्षदों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम का आभार व्यक्त किया।
अधिकारियों ने बताया कि नगर निगम के 60 वार्डों में से अब तक 56 वार्डों में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। अगले चरण में 24 सितम्बर को वार्ड संख्या 03 और 04 में जन सुविधा शिविर लगाया जाएगा। इनमें वार्ड 04 का शिविर पंचेश्वर मंदिर आवास विकास में और वार्ड 03 का शिविर जय माँ काली मंदिर धर्मशाला में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *