नगर क्षेत्र की जर्जर सड़कों के सुधार हेतु समीक्षा बैठक, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

भीमताल। बरसात से जर्जर हुई नगर क्षेत्र की आंतरिक व बाहरी सड़कों के सुधार के लिए मंगलवार को विकास भवन, भीमताल में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आईएएस अनामिका सिंह के निर्देशों पर बुलाई गई। बैठक में पीडब्ल्यूडी, नगर पालिका, सिडकुल, ब्लॉक प्रशासन के अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने सड़कों की बदहाल स्थिति को गम्भीरता से उठाते हुए जांच, ड्रेनेज मरम्मत और पर्यटन मार्गों के डामरीकरण की मांग की। जिला विकास अधिकारी ने पीडब्ल्यूडी, सिडकुल और नगर पालिका अधिकारियों को अपनी-अपनी सड़कों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि नौकुचियाताल सड़क, ब्लॉक रोड, इंटरलॉक टाइल्स, ड्रेनेज सिस्टम और गोरखपुर विनायक बाईपास मार्ग सहित कई सड़कों पर डामरीकरण व सुधार कार्य प्रस्तावित हैं, जिन पर शीघ्र काम शुरू होगा। सिडकुल और नगर पालिका अधिकारियों ने भी प्रस्तावित कार्यों को जल्द पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
बैठक में बीडी पलड़िया, कृष्ण कुमार, राहुल कुमार, के.के. पाठक, महेंद्र सिंह धौनी, मोनू कुमार नौटियाल, देव पलड़िया और बीडीओ हर्षित गर्ग समेत कई अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला विकास अधिकारी ने कहा कि जनहित में सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों में तेजी लाकर जल्द ही स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *