आमा मंदिर से हरीश पनेरू ने किया चुनावी शंखनाद

भीमताल विधानसभा में भ्रष्टाचार और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ संघर्ष का किया ऐलान

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में हरीश पनेरू ने ओखलकांडा विकासखंड की कुण्डल ग्राम सभा स्थित आमा मंदिर से अपने चुनावी अभियान का शंखनाद किया। आस्था के प्रमुख केंद्र माने जाने वाले आमा मंदिर में उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव लड़ने का औपचारिक ऐलान किया।

इस दौरान हरीश पनेरू ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार, अत्याचार और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ वह मजबूती से आवाज उठाएंगे। इन्हें समाप्त करने के लिए जनता के बीच जाकर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र की जनता को एकजुट कर विकास, पारदर्शिता और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई ग्रामीणों ने उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया है। ग्रामीणों के समर्थन के बाद उन्होंने आमा मंदिर में शंख बजाकर चुनावी रण में उतरने का ऐलान किया।

हरीश पनेरू ने कहा कि अब वह गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे। नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से जनता की समस्याओं और स्थानीय मुद्दों को समझने के साथ अधिक से अधिक लोगों को अपने अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र में हो रही अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।

बताया कि हरीश पनेरू का क्षेत्र की राजनीति से पुराना जुड़ाव रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत भी इसी क्षेत्र से की थी। वर्ष 2008 में उन्होंने अधोड़ा, डूंगरी और कुण्डल क्षेत्र से क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था और भारी मतों से विजय हासिल की थी। अब आमा मंदिर से चुनावी शंखनाद के साथ उन्होंने आगामी दिनों में भीमताल विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *