नगर निकायों से लेकर ग्राम पंचायतों तक विभिन्न कार्यक्रम, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
भीमताल। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रायल के निर्देशन में जिलेभर में स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अभियान के तहत जनपद के सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं। इनमें अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों ने भागीदारी की।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों की सफाई करने के साथ ही लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जागरूक किया गया।
‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के अंतर्गत स्वच्छता श्रमदान, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, स्वच्छता जागरूकता रैलियां, जनसंवाद, स्वच्छता शपथ सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी विभागों और स्थानीय निकायों को अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी के माध्यम से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ जनपद का निर्माण संभव है। उन्होंने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी कर स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने की अपील की।