चाफी-अल्चौना-ताड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण व डामरीकरण का शुभारंभ

विनायक गोल्ज्यू मंदिर के पुनर्निर्माण व सौंदर्यीकरण कार्य का भी किया भूमि पूजन

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के चाफी से अल्चौना-ताड़ा मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य का गुरुवार को मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुभारंभ किया। मार्ग के लिए शासन से 2.26 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। वहीं, विनायक स्थित गोल्ज्यू देवता मंदिर को मंदिर माला मिशन योजना में शामिल कर 91 लाख रुपये की लागत से होने वाले पुनर्निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का भी मंत्री ने भूमि पूजन कर शुभारंभ किया।

चाफी-अल्चौना-ताड़ा मोटर मार्ग लंबे समय से खराब होने के कारण ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दौरान मार्ग पर कीचड़ होने से वाहनों के फंसने की समस्या भी बनी रहती थी। ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की थी। इस पर मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मार्ग की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब कार्य शुरू हो गया है।

इस दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। इसके साथ ही मंदिर माला मिशन योजना के तहत क्षेत्र के मंदिरों के सौंदर्यीकरण, जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण के कार्य भी किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। इस दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। मंत्री ने विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी जताया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, प्रधान कमल देवका, लता आर्य, अंकित आर्य, जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल, ज्येष्ठ प्रमुख नंदाबल्लभ ब्रजवासी, आनंद मणि भट्ट समेत भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *