चार हजार प्रगणक घर-घर जाकर जुटाएंगे जनसंख्या का आंकड़ा
भीमताल। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के जनसंख्या गणना कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गुरुवार को सर्किट हाउस काठगोदाम में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुरू हुई। कार्यशाला में अधिकारियों और कार्मिकों को जनगणना की प्रक्रिया के साथ ही तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।
जनगणना विभाग के सहायक निदेशक अरविंद सिंह और अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया। सहायक निदेशक ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य अप्रैल में पूरा किया जा चुका है। द्वितीय चरण में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की जाएगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इस दौरान छूटे हुए एवं पात्र लोगों की गणना भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नैनीताल जिले में जनसंख्या गणना के लिए करीब चार हजार प्रगणकों की तैनाती की जाएगी। गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जाएगी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत करीब 40 प्रश्नों के माध्यम से आंकड़े संकलित किए जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने कहा कि जनगणना कार्य में तकनीकी प्रक्रिया का विशेष महत्व है। अधिकारियों और कर्मचारियों को पोर्टल के माध्यम से जनगणना प्रक्रिया, आंकड़ा संकलन और अन्य तकनीकी पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने सभी कार्मिकों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेंद्र कुमार तिवारी, अपर संख्याधिकारी कमल मेहरा, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।