चित्रशिला घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, सूचना विभाग और मीडिया जगत में शोक की लहर; 14 सितंबर को मीडिया सेंटर में होगी शोक सभा
भीमताल। जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी का शनिवार दोपहर आकस्मिक हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनके निधन से सूचना विभाग के साथ ही जनपद के मीडिया जगत और विभिन्न विभागों में शोक की लहर है। स्वर्गीय जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
रविवार को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा सुबह आठ बजे बीके पुरम, रेनबो पब्लिक स्कूल के निकट, बिठोरिया नंबर-1 स्थित आवास से चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई।
चित्रशिला घाट पर आयोजित अंत्येष्टि में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी हंसादत्त पांडे, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि केएस चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम समेत जनपद के पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और शोकाकुल परिजन मौजूद रहे।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
14 सितंबर को मीडिया सेंटर में शोक सभा
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में सोमवार, 14 सितंबर को सुबह 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।