कूड़ा निस्तारण, रसायनों के स्टॉक और कार्मिकों की बायोमीट्रिक उपस्थिति का होगा परीक्षण
भीमताल। नगर पालिका परिषद रामनगर के कूड़ा एवं सिंगल यूज प्लास्टिक निस्तारण समेत अन्य कार्यों की जांच के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने समिति गठित की है। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के निर्देशों के क्रम में गठित समिति को 15 दिन के भीतर जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि नगर पालिका परिषद रामनगर की ओर से कूड़ा एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के निस्तारण के लिए झील विकास प्राधिकरण के हल्द्वानी स्थित प्लास्टिक प्लांट का उपयोग किए जाने की जानकारी दी गई है। जबकि उक्त प्लांट के वर्तमान में क्रियाशील नहीं होने की सूचना है। ऐसे में प्रकरण की वास्तविक स्थिति के साथ ही पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का परीक्षण आवश्यक है।
जांच के लिए उप जिलाधिकारी रामनगर की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। उप कोषाधिकारी रामनगर को समिति का सदस्य बनाया गया है। समिति नगर पालिका की ओर से वर्तमान में कूड़े और सिंगल यूज प्लास्टिक का कहां और किस प्रकार निस्तारण किया जा रहा है, इसकी अभिलेखीय और स्थलीय जांच करेगी।
इसके अलावा चालू वित्तीय वर्ष में ब्लीचिंग पाउडर, डीबीटी और अन्य आवश्यक रसायनों के स्टॉक, उनकी खरीद तथा स्टॉक रजिस्टर में की गई प्रविष्टियों की भी जांच की जाएगी। नगर पालिका के कार्मिकों और पर्यावरण मित्रों की शासन द्वारा निर्धारित एसओपी के अनुरूप बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज किए जाने की स्थिति का भी परीक्षण होगा।
जिलाधिकारी ने समिति को निर्देश दिए हैं कि सभी बिंदुओं पर अभिलेखीय एवं स्थलीय परीक्षण कर तथ्यात्मक, सुस्पष्ट और बिंदुवार जांच आख्या तैयार की जाए। आख्या सभी संबंधित साक्ष्यों और अभिलेखों सहित 15 दिन के भीतर जिलाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।