एचजीएस भीमताल में सीबीएसई की क्षमता निर्माण कार्यशाला

मानसिक स्वास्थ्य एवं विद्यार्थियों के भावनात्मक कल्याण पर शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण

भीमताल। एचजीएस भीमताल में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से ‘छात्रों में मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देना’ विषय पर क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यालय के करीब 58 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यशाला का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या महिमा भट्ट, रिसोर्स पर्सन एवं बिड़ला विद्या मंदिर नैनीताल के प्रधानाचार्य अनिल कुमार शर्मा तथा सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल काठगोदाम की पीजीटी साधना रावत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक कल्याण और समग्र विकास के प्रति संवेदनशील बनाना था। साथ ही शिक्षकों को विद्यार्थियों की मानसिक एवं भावनात्मक आवश्यकताओं को समझने के लिए जरूरी जानकारी और कौशल प्रदान किए गए।

रिसोर्स पर्सनों ने विभिन्न गतिविधियों और संवादात्मक सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण तैयार करने के प्रभावी उपायों पर चर्चा की। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की भावनात्मक जरूरतों को समझने और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्या महिमा भट्ट ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास के साथ-साथ उनके मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण पर ध्यान देना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यशाला को शिक्षकों के लिए उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।

कार्यशाला के अंत में विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस अनसूया साह ने सभी रिसोर्स पर्सनों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *