सचल प्रयोगशाला ने मुख्य बाजार समेत विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को मिलावट से बचने के प्रति किया जागरूक
भीमताल। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की सचल प्रयोगशाला ने सोमवार को रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान मुख्य बाजार, रानीखेत रोड, बस स्टैंड, खताड़ी, लखनपुर चुंगी और कोसी रोड स्थित प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के कुल 91 नमूनों की मौके पर जांच की गई। जांच में सभी नमूने मानव उपयोग के लिए सुरक्षित पाए गए, जबकि कुछ नमूनों में स्टार्च की मात्रा मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी के निर्देश पर संचालित अभियान के दौरान मावा, दूध एवं दुग्ध पदार्थ, खाद्य तेल, रिफाइंड तेल, सरसों का तेल, लाल मिर्च, कुटी लाल मिर्च, धनिया, हल्दी, विभिन्न प्रकार की मिठाइयां, दालें, कॉफी, चायपत्ती, आटा, चावल और नमक सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच की गई। जांच की प्रक्रिया लोगों की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान करीब 150 लोगों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करने और उससे बचने के तरीकों की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए व्यापारियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की बिक्री के लिए जागरूक किया जा रहा है। व्यापारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए और अभियान में सहयोग की अपील की गई।
उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग आमजन और खाद्य कारोबारियों को लगातार जागरूक कर रहा है। सभी खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं करने और पैक्ड खाद्य सामग्री पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि तथा बैच नंबर स्पष्ट रूप से अंकित रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा दुकानों पर मूल्य सूची प्रदर्शित करने, बिल या कैश मेमो जारी करने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण का लाइसेंस अथवा पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रमुखता से प्रदर्शित करने को कहा गया है। खराब और कालातीत खाद्य सामग्री की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है।
अभियान में उपायुक्त बीरेंद्र बिष्ट, कुमाऊं उपायुक्त खाद्य सुरक्षा अशोक कुमार फुलोरिया, सहायक आयुक्त अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान, कनिष्ठ विश्लेषक अभिनव भट्ट, सहायक विश्लेषक गौरव नेगी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।