भीमताल। धारी विकासखंड के गुनियालेख, पलड़ा समेत आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से मोबाइल नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। बीएसएनएल, एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया समेत विभिन्न कंपनियों की कनेक्टिविटी प्रभावित होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने संचार कंपनियों और संबंधित अधिकारियों से तत्काल नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
मनोज शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में मोबाइल कनेक्टिविटी सुधारने को लेकर लगातार जनप्रतिनिधियों और संचार विभाग के अधिकारियों से मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी हर बार बारिश का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा बैंकिंग सेवाओं समेत कई महत्वपूर्ण डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने में भी ग्रामीणों को दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं से महंगे रिचार्ज लिए जा रहे हैं, ऐसे में कंपनियों की जिम्मेदारी है कि उन्हें सुचारु संचार सेवा उपलब्ध कराएं।
मनोज शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन पर्व पर बड़ी संख्या में लोग वीडियो कॉल के माध्यम से अपने परिजनों से बातचीत करेंगे। ऐसे में पर्व से पहले क्षेत्र की कनेक्टिविटी दुरुस्त की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रक्षाबंधन से पहले मोबाइल नेटवर्क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पर्व के तुरंत बाद संचार कंपनियों की कथित लापरवाही के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।