हल्द्वानी में 18 बीघा नजूल भूमि अतिक्रमण मुक्त, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

जर्जर भवन ढहाए गए, सार्वजनिक उपयोग के लिए होगी भूमि का इस्तेमाल

भीमताल : शहर में लंबे समय से अतिक्रमण की चपेट में आई बरेली रोड स्थित कब्रिस्तान से सटी 18 बीघा नजूल भूमि को बुधवार को जिला प्रशासन एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने मुक्त करा लिया। इस दौरान कई अवैध निर्माणों को हटाया गया और जर्जर इमारतों को ध्वस्त कर दिया गया।
एसडीएम के नेतृत्व में चला अभियान
यह अभियान एसडीएम राहुल शाह के नेतृत्व में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, तहसीलदार मनीषा बिष्ट एवं सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट की टीम ने चलाया। प्रशासन की इस सख्त कार्यवाही से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने कब्जे से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुक्त कराई गई भूमि पर बनी कई पुरानी और खस्ताहाल इमारतें अपराधियों के अड्डे बन चुकी थीं। इन्हें प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से ढहा दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस भूमि का अब सार्वजनिक हित में उपयोग किया जाएगा।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अब इस भूमि को दोबारा अतिक्रमण से बचाने के लिए जियोटैगिंग की जा रही है और नियमित निगरानी व्यवस्था भी लागू की गई है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अनुरोध किया है कि यदि कहीं भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *