09 स्वयं सहायता समूहों के पैन कार्ड के लिए जुटाए दस्तावेज, महिलाओं को प्रशिक्षण व बाजार से जोड़ने की दी जानकारी
भीमताल, 22 अगस्त। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना चौपाल-2026 के द्वितीय दिवस शनिवार को ग्राम पंचायत ल्वेशाल में चौपाल का आयोजन किया गया। इससे पहले आईईसी वैन के माध्यम से भीमताल विकासखंड की ग्राम पंचायतों हरियागांव, मेहरागांव, अल्चौना, चाफी और नगरीगांव में योजना का प्रचार-प्रसार किया गया।
आईईसी वैन के जरिए ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय लोगों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत उपलब्ध प्रशिक्षण, क्षमता वर्धन, वित्तीय सहायता और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसके बाद वैन ग्राम पंचायत ल्वेशाल के पंचायत भवन पहुंची, जहां आयोजित चौपाल में 26 महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
चौपाल में योजना से लाभान्वित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से उन्हें उद्यम शुरू करने और आगे बढ़ाने में किस तरह सहायता मिली। महिलाओं ने आगे के प्रशिक्षण, आवश्यक लाइसेंस, मार्केटिंग और अपने उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए विभागीय सहयोग को लेकर टीम के साथ चर्चा की।
इस दौरान नौ स्वयं सहायता समूहों के पैन कार्ड बनाने के लिए आवश्यक दस्तावेज भी एकत्र किए गए। संबंधित टीम ने महिलाओं को उद्यमों को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी प्रक्रियाओं और विभागीय सहयोग की जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की टीम, एनआरएलएम भीमताल की टीम और विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।