बड़ौदा आरसेटी में 30 दिवसीय रेफ्रिजरेटर व एसी रिपेयरिंग प्रशिक्षण का शुभारंभ

28 प्रशिक्षु लेंगे स्वरोजगार का प्रशिक्षण, बैंक से वित्तीय सहायता का मिला मार्गदर्शन

भीमताल । बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी हल्द्वानी-नैनीताल द्वारा 29 जनवरी 2026 से प्रारंभ 30 दिवसीय रेफ्रिजरेटर एवं एसी रिपेयरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मंगलवार को कुंवरपुर, गौलापार स्थित बड़ौदा आरसेटी परिसर में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि शालिनी सिंह, शाखा प्रबंधक उत्तराखंड ग्रामीण बैंक दौलतपुर शाखा, बड़ौदा आरसेटी निदेशक अतुल कुमार पाण्डेय, प्रशिक्षक नरेन्द्र सिंह पिलख्वाल, एफएलसी काउंसलर सुरेश कुमार बिष्ट एवं मास्टर ट्रेनर जयवीर सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के 28 पुरुष प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि शालिनी सिंह ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे प्रशिक्षण कार्यक्रम को पूरी तल्लीनता, अनुशासन एवं ईमानदारी से पूर्ण करें तथा अर्जित कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करें। उन्होंने बैंक की ओर से उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं ऋण सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी देते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित बड़ौदा आरसेटी निदेशक, मास्टर ट्रेनर, प्रशिक्षक एवं एफएलसी काउंसलर ने सभी प्रशिक्षुओं को सफल भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दीं। निदेशक आरसेटी अतुल कुमार पाण्डेय ने संस्थान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं उत्तराखंड सरकार के तत्वावधान में बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा वर्ष 2011 से यह प्रशिक्षण संस्थान संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से नैनीताल जनपद के 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के स्वरोजगार इच्छुक युवाओं को निःशुल्क एवं आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *