हल्द्वानी में मनाया गया गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस, हिंद की चादर विशेष व्याख्यान का हुआ आयोजन

भीमताल । गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार करते हुए एमबी पीजी कॉलेज, हल्द्वानी के ऑडिटोरियम में “हिंद की चादर” विशेष व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड सरकार व जिला पर्यटन विभाग की ओर से किया गया। सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी, जिन्हें हिंद की चादर के रूप में सम्मानित किया जाता है, की पावन स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके प्रेरणादायक जीवन, त्याग, अद्वितीय बलिदान तथा धार्मिक एवं सामाजिक एकता में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, आदर्शों व विचारों को स्मरण करते हुए समाज में आपसी एकता, सांप्रदायिक सौहार्द, अद्वितीय मानवीय मूल्यों और मानवता को बढ़ावा देने का आह्वान किया। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं एवं विद्यार्थियों ने गुरु जी के उद्देश्यों और शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद नैनीताल–उधमसिंह नगर अजय भट्ट रहे। साथ ही हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पूर्व अध्यक्ष अल्पसंख्यक आयोग नरेंद्र सिंह बिंद्रा, हल्द्वानी नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह, गन्ना समिति के अध्यक्ष एवं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अमृतसर के डायरेक्टर प्रताप सिंह सिद्धू, जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी, जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट एवं अध्यक्ष गुरुद्वारा सिंह सभा, हल्द्वानी वीरेंद्र सिंह चड्ढा सहित अन्य गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *