रामगढ़ में सड़क सुधार को 5.28 करोड़ स्वीकृत, जल्द शुरू होगा डामरीकरण कार्य

भीमताल । रामगढ़ ब्लॉक के तल्ला रामगढ़ से झूतिया-हली मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए 5 करोड़ 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हो गई है। क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने यह जानकारी देते हुए कहा कि शासनादेश जारी होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
बताया गया कि करीब 8 किलोमीटर लंबा यह मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिससे ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के दिनों में सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती थी और वाहन फंस जाते थे, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती थी।
ग्रामीणों द्वारा लगातार सड़क के सुधारीकरण की मांग किए जाने पर मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। अब धनराशि स्वीकृत होने के बाद जल्द ही डामरीकरण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

मंत्री कैड़ा ने शनिवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के सुनकिया, सदबुगा और सुपी गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को फोन कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर लगातार डामरीकरण कार्य किया जा रहा है। सरकार क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, क्षेत्रीय लोगों ने सड़क के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर मंत्री कैड़ा का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *