95 प्रतिशत विद्यालयों में हुईं प्रतियोगिताएं, जिला स्तरीय कार्यशाला में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

भीमताल। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को बीएलएम एकेडमी, गौरापड़ाव में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।

देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में नैनीताल जिले में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम संयोजक एवं उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने बताया कि उनके निर्देशन में 25, 26 और 28 सितंबर को जिले के सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों में निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं कराई गईं। जिले के करीब 95 प्रतिशत विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के आधार पर विद्यालय स्तर पर प्रतिभाओं का चयन किया गया। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 20 बच्चों को जिला स्तरीय कार्यशाला के लिए चुना गया।

जिला स्तरीय कार्यशाला में चयनित बच्चों ने भाषण, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान योगेश सिंह रजवार ने जिले में अब तक आयोजित कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी।

कार्यशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, मीडिया सलाहकार उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, देवेंद्र ढैला, पेयजल अनुश्रवण समिति के दिनेश आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज साह, नैनीताल जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष रविंद्र रैकूनी, को-ऑपरेटिव डायरेक्टर निश्चल पांडे, वरिष्ठ भाजपा नेता आनंद सिंह धर्मवाल, बीएलएम एकेडमी के संस्थापक-प्रबंधक एवं भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, महिला मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता कल्पना बोरा समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष तथा महिला और युवा मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में करीब 800 बच्चे और उनके अभिभावक शामिल हुए। कार्यशाला के माध्यम से बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच प्रदान करने के साथ उनके सपनों को साकार करने के संकल्प का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *