भीमताल : मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी नैनीताल के आदेश के बाद चोरगलिया क्षेत्र में हाल ही में खोले गए देशी मदिरा विक्रय केंद्र को मंगलवार को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष का माहौल है। उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह व आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट मौके पर पहुंचे और दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक की जांच की गई। शेष बचे स्टॉक को नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की टीम ने मौके पर ही दुकान को पूरी तरह से बंद करवा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कदम जनभावनाओं का सम्मान करते हुए और आबकारी नीति के तहत उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह क्षेत्र में सामाजिक शांति और सुरक्षा के लिए एक सकारात्मक कदम है।