अवैध फड़-ठेलों पर चला प्रशासन का डंडा, 20 जब्त, 13 पर चालान

बाहरी व्यक्तियों का भी हुआ सत्यापन, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच

भीमताल : शहर में यातायात अवरोध और स्वच्छता को लेकर प्रशासन अब सख्त रवैया अपना चुका है। शनिवार को प्रशासन और नगर निगम हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने नैनीताल रोड और रेलवे बाजार क्षेत्र में अवैध फड़-ठेलों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 20 अवैध फड़-ठेले जब्त किए गए, जबकि 13 फड़ संचालकों पर चालान की कार्रवाई की गई।
कार्यवाही के दौरान 80 से अधिक फड़ विक्रेताओं का मौके पर सत्यापन भी किया गया। कई विक्रेता बाहरी जिलों से पाए गए, जिनके पहचान पत्रों की जांच की गई। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कैलाश टम्टा द्वारा फड़ पर बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का निरीक्षण किया गया, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि आम जनता को सुरक्षित खाद्य सामग्री ही उपलब्ध हो। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जनसुविधा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया गया है।
अभियान का नेतृत्व उप जिलाधिकारी श्री राहुल शाह एवं नगर आयुक्त श्रीमती ऋचा सिंह ने किया। टीम में सहायक नगर आयुक्त श्री गणेश भट्ट समेत नगर निगम और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *